फतेहाबाद। गांव पारौली सिकरवार में चल रही चकबंदी प्रक्रिया में पक्षपात और गड़बड़ी की आशंका को लेकर किसानों में आक्रोश है। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के तहसील अध्यक्ष अवधेश ठाकुर के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को दर्जनों किसानों ने फतेहाबाद तहसील मुख्यालय पहुंचकर चकबंदी विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की। भाकियू पदाधिकारियों ने अधिकारियों को दो टूक चेतावनी दी कि रजामंदी और नक्शा दुरुस्ती के नाम पर किसानों का उत्पीड़न या जमीनों का गलत बंटवारा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वर्तमान में अधिकारी तहसील परिसर में बैठकर किसानों की सहमति लेने का कार्य कर रहे हैं, जिसमें पूरी पारदर्शिता बरतने की मांग की गई है। इस दौरान गोविंद सैंथिया, भारत वर्मा, रामलाल वर्मा, वासदेव वर्मा और ब्रह्मलाल सिकरवार आदि किसान मौजूद रहे।