पटियाली। तहसील क्षेत्र के दरियावगंज पर बिजली घर पर भारतीय किसान यूनियन स्वराज के द्वारा धरना प्रदर्शन किया गया। वहीं किसानों की विद्युत संंबंधी समस्याओं के निस्तारण की मांग करते हुए अवर अभियंता को ज्ञापन दिया।
तहसील अध्यक्ष ललित कुमार मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत के वोल्टेज कम आते हैँ, जिससे दिक्कतें होती हैँ। वहीं मुख्यमंत्री के 18 घंटे विद्युत आपूर्ति के निर्देश के बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों में छह से सात घंटे ही बिजली मिल पा रही है। जो बिजली आती है उसमें भी बार बार ट्रिपिंग रहती है। जिससे दिक्कतें होती हैँ। वहीं लाइनमैन द्वारा किसानों को डरा धमकाकर अवैध धन उगाही की जाती है। उन्होंने कहा कि सभी समस्याओं का निदान कराया जाए। समस्याओं के निस्तारण के लिए ज्ञापन अवर अभियंता नीरज गौड़ को सौंपा गया। अवर अभियंता ने समस्याओं के निदान का आश्वासन दिया। धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन देने वालों में अनमोल मिश्रा, कुलदीप बघेल, चंचल बघेल, सुमित शर्मा, रजनेश बघेल, विपिन कुमार, लालू माथुर सहित भाकियू के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।