भारत में फरवरी माह में होने वाली जी-20 की पहली बैठक आगरा में होगी। इसके लिए नगर निगम तैयारियों में जुटा है। मेहमानों के आने-जाने वाले रास्तों को सजाने के लिए प्लान तैयार हो गया है। भवनों को एक ही रंग से रंगा जाएगा।
आगरा में जी-20 देशों की बैठक से पहले खेरिया हवाई अड्डे से ताज और एमजी रोड समेत प्रमुख मार्गों के भवनों को टेराकोटा रंग में रंगा जाएगा। नगर निगम के इस फरमान का होटल उद्यमियों ने विरोध किया है। शनिवार को होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के सदस्यों ने विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष से मुलाकात की। उन्होंने भवनों का रंग सफेद या क्रीम कलर और बोर्ड का रंग टेराकोटा करने की मांग की है।
विज्ञापन
एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चौहान ने कहा कि फतेहाबाद रोड और अन्य प्रमुख मार्गों पर जो होटल, रेस्टोरेंट, एंपोरियम, दुकानें, सरकारी और गैर सरकारी भवन हैं, उनमें अधिकांश सफेद रंग से रंगे हैं। जो देखने में चमकते हैं और सुंदर भी लगते हैं। आगरा विकास प्राधिकरण जो कलर स्कीम दी है, उसमें भवन की मुख्य दीवार को टेराकोटा रंग में रंगने के निर्देश दिए हैं। इस रंग से रंगने पर भवन पुराना प्रतीत होता है।
कहा कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आगमन पर भी भवनों को सफेद या क्रीम कलर से रंगने के साथ बोर्डों को टेराकोटा रंग व लिखावट सफेद रंग की गई थी। उन्होंने भवनों को सफेद या क्रीम रंग से रंगने और बोर्डों को टेराकोटा रंग का बनाने की मांग की है। इस दौरान एसोसिएशन के उपाध्यक्ष संजीव जैन, राजेश कालिया आदि मौजूद रहे।
भारत में फरवरी माह में होने वाली जी-20 देशों की पहली बैठक आगरा में आयोजित होगी। बैठक को लेकर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में निगम ने शहर की दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग कराने का प्लान तैयार किया है। इसके लिए निगम ने टेराकोटा रंग चुना है।
नगर निगम ने शहर की दीवारों पर आकर्षक पेंटिंग के लिए ललित कला संस्थान से मदद मांगी है। ललित कला संस्थान के छात्र शहर की दीवारों पर पेंटिंग करेंगे। नगर आयुक्त निखिल टी फुंडे ने शनिवार को जी-20 बैठक की तैयारियों की समीक्षा की। इसमें उन्होंने जी-20 मेहमानों के प्रस्तावित रूट पर अतिक्रमण हटाने, तिरंगी लाइटों को जलाने, स्ट्रीट लाइटें ठीक करने और आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए निर्देश दिए हैं।
नगर आयुक्त निखिल ने बताया कि विदेशी मेहमान आगरा में जिस मार्ग से आएंगे-जाएंगे, उन सड़कों के दोनों ओर की दीवारों पर पेंटिंग कराई जाएगी। इसके लिए ललित कला संस्थान के छात्रों से मदद ली जाएगी। वहीं बैकुंठी देवी महाविद्यालय, बीडी जैन महाविद्यालय की छात्राएं भी पेंटिंग में मदद करेंगी। भारतीय संस्कृति से जुड़ी पेंटिंग ही दीवारों पर बनाई जाएंगी। नगर आयुक्त ने सड़कों पर सफाई और गड्ढों को भरने का काम समय से पहले ही पूरा करने के निर्देश दिए है।