किशनी। गांव हरिसिंहपुर में नल से पानी भरने के विवाद में आरोपियों ने एक महिला की पिटाई कर दी। पीड़िता फूलमती ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस को बताया कि पुत्री नंदिन सरकारी नल से पानी भरने के लिए गई थी। तभी वहां मौजूद नामजद लाेगों ने उसे पानी भरने से रोक दिया। विरोध करने पर गाली गलौज करते हुए उसे पीट कर घायल कर दिया।
एक अन्य शिकायत नगला मदारी निवासी सपना देवी ने की। पुलिस को बताया कि सोमवार को उपले रखने के विवाद में गांव निवासी मां-बेटी ने गाली गलौज की। जब उन्हें रोका तो उसकी पिटाई कर दी। चीख पुकार सुन ग्रामीण एकत्र हो गए। आरोपी धमकी देकर भाग निकले।
वहीं एक और शिकायत कन्हूपुर छोटा गांव निवासी नीलम देवी ने थाने में तहरीर देकर की। उसने पुलिस को बताया कि मंगलवार की दोपहर देवरानी और परिजन ने बच्चों के विवाद को लेकर उससे गाली गलौज की। जब उसने विरोध किया तो उसकी पिटाई कर दी। उसकी चीख पुकार सुन कर ग्रामीण एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने उसे बचाया। पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल कराया। शिकायतों पर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।