झाड़े की गढ़ी में पिता पुत्र पीटे: घायल सूबेदार
बाह। झाड़े की गढ़ी गांव में रविवार की सुबह करीब 9 बजे नलकूप की पाइपलाइन का चैंबर तोड़ने के विरोध पर किसान और उसके बेटे की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। झाड़े की गढ़ी गांव के दिलीप कुमार ने पुलिस को बताया कि संतोष के नलकूप की पाइपलाइन के जिस चैंबर से वह अपने खेत की सिंचाई करते हैं, पड़ोसी ने चैंबर को तोड़ दिया। नलकूप मालिक को मौके पर बुलाकर दिखा रहा था, तभी पड़ोसी आकर विरोध करने लगा। कहासुनी के दौरान पड़ोसियों ने दिलीप और बीचबचाव करने दौड़े उनके पिता सूबेदार पर हमला कर दिया। लाठी और कुल्हाड़ी से किए गए हमले में दोनों के सिर फूट गए। बाह पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी बाह पहुंचाया। जहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक बाह ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।