कासगंज। जिलाधिकारी सुधा वर्मा ने हजारा नहर में स्नान पर प्रतिबंध लगाने के संकेत दिए हैं। उन्होंने बताया कि अब नहर पर पानी की गहराई को लेकर सावधान करते हुए बोर्ड लगाए जाएंगे। वहीं नहर में मगरमच्छ और घड़ियाल होने की जानकारी भी बोर्डों के माध्यम से दी जाएगी। साथ ही लोगों को सावधान रहने और नहर में स्नान करने के लिए नहीं उतरने की चेतावनी भी दी जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि लोग नहर पर पहुंचकर सेल्फी लेते हैं और रील बनाते हैं। सेल्फी और रील के चक्कर में स्टंट करते हैं। इस पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की जरूरत है। पुल पर पुलिस की तैनाती भी की जाएगी। इस संबंध में एसपी को अलर्ट करने के लिए बताया जाएगा। नहर पर प्रतिदिन ही लोग मौज-मस्ती के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि जब वह घटनास्थल पर पहुंचीं तो घटना होने के बाद भी तमाम लोग दूसरे इलाके में सेल्फी और रील बना रहे थे। यह स्थिति हादसों की संवेदनशीलता बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही बोर्ड लगाए जाएंगे और जिन पर लोगों के लिए चेतावनी अंकित कराई जाएगी। यह कदम दुखद हादसों को रोकने के लिए उठाया जाएगा। जिससे लोग अपनी जान की परवाह करें और नहर पर किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतें।