आगरा को भरपूर गंगाजल मिलने पर भी आम लोगों तक यह नहीं पहुंच पा रहा। पूर्व कैबिनेट मंत्री अरिदमन सिंह ने जल निगम और जलकल विभाग से गंगाजल को बर्बाद होने से रोकने व इसके समुचित वितरण की योजना बनाकर उसे क्रियान्वित करने की अपील की है।
भदावर हाउस से एक बयान जारी कर उन्होंने कहा है कि वे इस संबंध में नगर विकास मंत्री और प्रमुख सचिव-नगर विकास को भी पत्र लिखकर अवगत कराएंगे ताकि इसकी उच्चस्तरीय समीक्षा कर वितरण व्यवस्था बेहतर की जा सके।
2012 में बनवाई थी डीपीआर
अरिदमन सिंह ने बताया कि वर्ष 2006 में बनी योजना की डीपीआर 2012 में अपने कैबिनेट मंत्री वाले काल में बनवा कर पुनर्जीवित करवाई। अब जब गंगाजल मिलने लगा है तो जलकल विभाग ने इसके वितरण की कोई ठोस तैयारी नहीं की। इसी के कारण सब जगह गंगाजल वितरित नहीं हो पा रहा है, यह जगह-जगह बर्बाद हो रहा है।