कासगंज। सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव लौंगपुर में पिछले कई दिनों से बंबा का पानी ओवरफ्लो होकर खेतों में भरा है। 200 बीघा से अधिक क्षेत्र की फसलें जलमग्न हैं। पानी सड़कों पर बह रहा है। वहीं जलभराव के कारण किसानों के बुर्जी बिटौरे में रखा चारा, ईंधन भी भीग कर बर्बाद हो गया है। अभी तक राजस्व प्रशासन और सिंचाई विभाग समस्या का समाधान नहीं कर सका है। 15 दिनों से किसान इस समस्या से परेशान हैं। लौंगपुर से निकलने वाला बंबा पिछले एक पखवाड़े से ओवरफ्लो चल रहा है। किसानों की करीब 200 बीघा आलू, प्याज, सरसों आदि की फसलें प्रभावित हैं। पानी का भराव लगातार खेतों में बढ़ रहा है। किसानों का कहना है कि यदि पानी शीघ्र नहीं उतरा तो फसलें बर्बाद हो जाएंगी। वहीं बुर्जियों में रखा चारा, बिटौरों में रखा ईंधन भीग कर बर्बाद हो गया है। ग्रामीणों को खेतों की ओर आने-जाने में दिक्कतें बढ़ गई हैं। लगातार ग्रामीण सिंचाई विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों से समस्या के समाधान की मांग उठा रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि बंबे से लगी गूल को आगे गांव में किसानों ने बंद कर रखा है। जिससे ओवरफ्लो पानी की निकासी नाले में नहीं हो पा रही। अभी तक 20 किसानों की फसलें बर्बाद हो चुकी हैं।