आगरा। बल्केश्वर से निकला तजिंदर सिंह ढिल्लन का बल्ला अब कैरेबियन में भी अपना जादू दिखा रहा है। कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) के डेब्यू मैच में तजिंदर ने 37 गेंदों पर 62 रन की शानदार पारी खेलकर नाम रोशन किया। सात चौके और एक छक्के से सजी उनकी पारी ने एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कंस को मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने में मजबूती दी। एंटीगुआ ने जमैका किंग्समेन को आखिरी गेंद पर दो विकेट से हराकर टूर्नामेंट का शानदार आगाज किया।