मथुरा। गोकुल में लगातार मिल रहे कोरोना पाजिटिव मरीजों के कारण कस्बे में दहशत का माहौल है। कारोना से एक वृद्घ की मौत भी हो चुकी है।वृद्ध के एक और बेटे में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। गुरुवार की रात आई रिपोर्ट में इसका खुलासा हो गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में अपनी गतिविधियां बढ़ा दीं हैं। जनपद में लगातार बढ़ रहे कोरोना के मरीजों के कारण प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप है। तीन दिन पूर्व गोकुल निवासी 48 वर्षीय वृद्ध् की कोरोना के कारण केडी मेडिकल कालेज में मृत्यु हो गई। वृद्ध् के अंतिम संस्कार में उनके बेटों के साथ परिवार के कुल चार लोग शामिल हुए। दो दिन पूर्व मृतक के एक बेटे की कोरोना पाजिटिव रिपोर्ट आने के बाद परिवार को क्वारंटीन किया गया था। अब दूसर बेटा भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। दूसरे बेटे के कोरोना पाजिटिव पाए जाने के बाद कस्बे में दहशत का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग ने इस क्षेत्र को पहले ही सील इलाका घोषित कर रखा है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में सर्वे के साथ सैंपलिंग का कार्य किया। इस अभियान में 20 से अधिक लोगों के सैंपल लिए गए हैं।