आगरा के अछनेरा में एक ऐसा मंदिर है, जहां 30 वर्ष से रामायण का पाठ गूंज रहा है। राम से बड़ा राम का नाम, इस नाम के आगे और कुछ नहीं। इसी धारणा से अखंड रामायण का पाठ पिछले 30 वर्ष से शिव मंदिर में चल रहा है। वाचक बदल जाते हैं लेकिन कथा राम की होती है। अब अयोध्या में रामलला प्राण प्रतिष्ठा पर मंदिर को रोशनी से सजाया गया है।
विज्ञापन
प्रदेश के अंतिम स्टेशन और राजस्थान सीमा से जुड़े अछनेरा रेलवे स्टेशन के सामने यह शिव मंदिर बना है। पुजारी सोनू शर्मा ने बताया कि 21 अक्तूबर 1994 से अखंड पाठ शुरू हुआ, जो निरंतर चल रहा है। अब तक 5000 से अधिक बार रामायण का पाठ हो चुका है।
मंदिर से जुड़े पूर्व चेयरमैन महेंद्र सिंह भगत ने बताया कि पाठ करने के लिए कोई समय तय नहीं है। कोई भी भक्त कभी भी पाठ पढ़ सकता है। इस समय जयपुर के संगीत वादक ऋषि वशिष्ठ पाठ कर रहे हैं। मंदिर में भगवान राम, सीता, हनुमान की मूर्ति के साथ एक शिवलिंग स्थापित है।