बाह। यमुना बचाओ अभियान चला रहे महंत सियाराम दास महाराज ने सोमवार को सातकोसीय परिक्रमा निकाली। इससे पहले बटेश्वर के घाट पर जुटे संत और श्रद्धालुओं के साथ यमुना नदी का पूजन किया। नदी में गंदगी न डालने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि बटेश्वर में यमुना का पानी आचमन लायक नहीं रह गया है। सरकार से तीर्थ क्षेत्र में नदी को स्वच्छ बनाने के लिए कदम उठाए जाने की मांग की। वहीं राजस्थान के संत महावीर दास ने सनातन की जड़ें सींचने का आह्वान किया। उदासीन अखाड़ा मथुरा के संत प्रेमदास महाराज ने कहा कि गाय और सनातन की मजबूती से ही देश आगे बढ़ेगा। इसके बाद बटेश्वर के घाट से शुरू हुई 7 कोस की परिक्रमा आश्रम पहुंचकर संपन्न हुई। बटेश्वर के अलावा शौरीपुर, मोरहारी, स्याइच, हनुमान गढ़ी, वनखंडेश्वर, मनमथ होकर गुजरी परिक्रमा के दौरान उन्होंने लोगों को अपने गांव परिवेश में गंदा पानी जमा न होने देने के लिए प्रेरित किया। जिससे मलेरिया, डेंगू जैसे रोगों से बचा जा सके। इस दौरान पागलदास महाराज, गोपाल दास, प्रेमानंद, सोनपाल गिरी, महावीर दास, राधेश्याम, बटेश्वर मुनि आदि मौजूद रहे। संवाद