बाह (आगरा)। चित्राहाट में बाह इटावा मार्ग पर कचौराघाट स्थित कमल नयन शीतगृह के पास सोमवार रात 9 बजे तेज रफ्तार डंपर ने आटो सवारों को रौंद दिया। जिससे फफूंद औरैया के पुरा फकीरे गांव के भगवानदीन (35) की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। ऑटो सवार औरैया से अपने रिश्तेदार सुरेंद्र के गांव नगला इमली में गेहूं की फसल की कटाई की मजदूरी करने को आ रहे थे। चित्राहाट पुलिस के मुताबिक फंफूद औरैया के फकीरे पुरा के भगवानदीन, अभिषेक, चंद्रप्रकाश, छविकांत, ब्रजेश को चित्राहाट के नगला इमली गांव का अजय ऑटो से मजदूरी कराने के लिए ला रहा था। कचौराघाट स्थित कमल नयन शीतग्रह पास आगरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो को टक्कर मार दी। जिससे ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया। चीख पुकार पर पहुंचे स्थानीय लोगों की मदद से मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल ऑटो सवार जैतपुर सीएचसी पर भर्ती कराए, जहां पर चिकित्सक ने भगवानदीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायलों को एंबुलेंस से सैफई पीजीआई भेजा है। प्रभारी निरीक्षक चित्राहाट ने बताया कि मृतक एवं घायलों के परिवार को हादसे की सूचना दे दी है, रिश्तेदार मौके पर आ गए हैं। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बाह की मोर्चरी पर रखवा दिया है।