आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र की एक बुजुर्ग महिला को ऑटो गैंग ने बेहोश कर उनके रुपये और जेवर लूट लिए। इसके बाद उन्हें रास्ते में उतारकर भाग निकले। दो घंटे बाद होश आने पर वह पैदल चलकर जैसे-तैसे घर पहुंचीं। बेटे ने पुलिस को घटना की जानकारी दी है।
यहां की है घटना
कालिंदी विहार निवासी रामेश्वरी देवी ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर को करीब 12 बजे खंदौली के गांव नंदलालपुर बेटे से मिलने के लिए घर से निकली थीं। सौ फुटा रोड पर पहुंचते ही ऑटो चालक ने नंदलालपुर छोड़ने की बोलकर बैठा लिया। जिसमें दो युवक पहले से ही बैठे थे। थोड़ी दूर चलने के बाद एक युवक ने रुमाल में कुछ डालकर सुंघा दिया।
बुजुर्ग महिला हुई बेहोश
इससे वह बेहोश हो गईं। रुपये निकालने और कान के कुंडल उतार लेने के बाद उन्हें रास्ते में छोड़कर ऑटो वाले भाग गए। करीब दो घंटे बाद होश आने पर वह धीरे-धीरे पैदल चलकर घर पहुंचीं। बेटे गोपाल को आपबीती बताई। थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार ने बताया की तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।