आगरा। यूपी बोर्ड परीक्षा में गड़बड़ी होने की शिकायतें रुक नहीं रही हैं। रविवार को किरावली क्षेत्र के एक केंद्र से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ। इसमें बोर्ड की उत्तरपुस्तिका लेकर छात्र के भागने की बात की जा रही है।
उक्त प्रसारित ऑडियो किरावली क्षेत्र के ही केंद्र का बताया जा रहा है। इसमें जिस उत्तरपुस्तिका की बात की जा रही है, वह दो मार्च को दूसरी पाली में हुई इंटरमीडिएट की अंग्रेजी विषय की परीक्षा की बताई जा रही है। यदि यह ऑडियो सही है, तो यह बेहद गंभीर विषय है क्योंकि विभाग को किसी भी केंद्र ने ऐसी किसी भी घटना की सूचना नहीं दी है। ऑडियो में स्कूल का नाम साफ नहीं है।
उत्तर पुस्तिका लेकर भागने की शिकायत शिक्षा अधिकारियों के पास पहुंची है। जिला परीक्षा पर्यवेक्षक डॉ. मुकेश अग्रवाल ने बताया इस मामले की जांच के लिए संयुक्त शिक्षा निदेशक आरपी शर्मा और डीआईओएस दिनेश कुमार को निर्देश दिया गया है। ऑडियो में सत्यता निकलती है तो संबंधित परीक्षा केंद्र के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।