सोरोंजी (कासगंज)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा वर्ष 2024 में होने वाले लोक सभा चुनावों के दृष्टिगत 9 राज्यों में जाने वाले लोकसभा विस्तारकों का प्रशिक्षण वर्ग गाजियाबाद में संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण वर्ग में नौ राज्यों के विस्तारकों ने प्रशिक्षण लिया। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, यूपी संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, राष्ट्रीय संगठक बी सतीश एवं भारतीय विस्तारक योजना संयोजक एवं राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने इस दो दिवसीय प्रशिक्षण में लोकसभा विस्तारकों के केंद्र तय किए। जिसमें तीर्थनगरी सोरोंजी के गांव कादरबाड़ी निवासी अतुल मिश्रा को इटावा लोकसभा क्षेत्र का विस्तारक बनाया गया। यह घोषणा प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल ने की। अतुल मिश्रा ने इससे पूर्व 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में अलीगढ़ जिले की इगलास विधान सभा में विस्तारक के रूप में कार्य किया और संगठन के प्रति कड़ी मेहनत मेहनत करके बीजेपी को जीत दिलाई।