कासगंज। जिले में स्वास्थ्य विभाग के कर्मी अपनी मनमर्जी कर रहे हैं। सीएमओ के निरीक्षण में नमैनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक ने तीन दिन बाद तक के हस्ताक्षर उपस्थिति पंजिका पर कर दिए। वहीं नमैनी पर एक तथा किसरौली पर एक कर्मी अनुपस्थित मिला। दोनों के एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की गई है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. राजीव अग्रवाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नमैनी का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण में स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात डाॅ. हेमपुष्पा ने 8 दिसंबर से 12 दिसंबर तक के अग्रिम हस्ताक्षर उपस्थिति पंजिका पर कर रखे थे। जिसे गंभीरता से लेते हुए नोटिस जारी किया गया। स्टाफ नर्स रजनी ने उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर कर रखे थे, लेकिन वह अस्पताल पर उपस्थित नहीं मिली। उनका एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की गई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किसरौली पर स्टाफ नर्स संतोष अनुपस्थित मिली। उसका एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की गई।