कासगंज। ढोलना क्षेत्र के एक गांव में सार्वजनिक शौचालय में शौच करने गई युवती को बंधक बनाकर उससे दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया। उसके विरोध करने पर उसे जाने से मारने की धमकी दी गई। मामले में युवती के पिता ने गांव के ही दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की शाम एक युवती शौच करने के लिए गांव में बने सार्वजनिक शौचालय में गई हुई थी। तभी पहले से ही शौचालय में बैठे विपिन व महीपाल ने उसे शौचालय का गेट बंद कर ताला लगा दिया। उसे बंधक बनाकर छेड़छाड़ करने लगे। युवती ने छेड़छाड़ का विरोध करते चीख पुकार मचा दी। उसकी आवाज सुनकर आस-पास के लोगों को आता देख आरोपी गाली गलौज एवं जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। पिता ने पुलिस को जानकारी देते हुए घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मामले की जांच पड़ताल शुरु कर दी है। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। युवती के चिकित्सीय परीक्षण एवं बयान दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।