किशनी। गांव अनूपपुर के रहने वाले एक युवक को आरोपी ने ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश की। युवक को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव अनूपपुर निवासी अजय कुमार ने पुलिस को बताया कि वह 4 जनवरी को सड़क किनारे तिराहे पर खड़े हुए थे। शाम के समय गांव के अवनीश यादव ने उन पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की। जब वह हमले में बच गए तो आरोपी ट्रैक्टर से उतर आया और गाली-गलौज करने लगा। उन्हें पीटना शुरू कर दिया। फोन कर अपने पिता रमेश चंद्र को बुला लिया। इसके बाद पिता-पुत्र ने उनकी पिटाई की। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद घायल अजय कुमार का मेडिकल कराया। शिकायत के आधार पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।