एटीएम लूट: घटना स्थल पहुंचे पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
एटा में एटीएम काटकर 26 लाख नकदी ले जाने के मामले में अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। स्थानीय पुलिस की सात टीमें चोरी का खुलासा करने के लिए काम कर रही हैं। लेकिन ठोस सबूत हाथ नहीं लग सके हैं। अब पड़ोसी जिलों की टीमों को भी खुलासे के लिए लगाया गया। जो अपने-अपने क्षेत्रों में पुराने अपराधियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही हैं।
यहां की है घटना
शहर के मोहल्ला अरुणा नगर स्थित जीटी रोड पर एक्सिस बैंक के एटीएम को काटकर एक नवंबर की रात 26 लाख पांच हजार रुपये उड़ाने की वारदात पुलिस के लिए सिरदर्द बनी हुई है। एडीजी आगरा और डीआईजी अलीगढ़ इसमें पल-पल की खबर रख रहे हैं। इसके बाद भी मामला नहीं खुल पा रहा है। अब पड़ोसी जिला आगरा में बनाई गई टीम राजस्थान के भरतपुर और धौलपुर के बदमाशों सहित जिले के अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है।
चंबल पर फिरोजाबाद टीम की नजर
वहीं मैनपुरी में तैयार की गई टीम फर्रुखाबाद, इटावा, औरेया व कानपुर को देख रही है। फिरोजाबाद को चंबल का जिम्मा सौंपा गया है। ताकि अपराधियों को पकड़ा जा सके। एसएसपी उदय शंकर सिंह ने बताया कि चोरी की वारदात का खुलासा करने के लिए पड़ोसी जिले आगरा, मैनपुरी व फिरोजाबाद में भी टीमें बनाई गई हैं। ताकि अपराधियों को जल्द पकड़ा जा सके। अभी तक कुछ भी हाथ नहीं लगा है, प्रयास जारी हैं।