मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में गांव कोसमा मुसलमीन व डालगंज के दो शराब माफिया व गैंगस्टर की करीब 1.88 करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई। कार्रवाई के दौरान एसडीएम और सीओ के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। कार्रवाई से पूर्व क्षेत्र में अधिकारियों द्वारा मुनादी भी कराई गई।
थाना क्षेत्र के गांव कोसमा मुसलमीन निवासी अरमान खां के खिलाफ करीब 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह शराब माफिया है, उसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जा चुकी है। मंगलवार को एसडीएम शिव नारायण शर्मा, सीओ कुरावली संजय वर्मा, तहसीलदार कमलकांत सिंह पुलिस बल के साथ उसकी संपत्ति कुर्क किए जाने की कार्रवाई करने पहुंचेे। अरमान की कृषि योग्य भूमि कीमत करीब 16.29 लाख रुपया के कुर्क किए जाने की कार्रवाई अधिकारियों द्वारा पूरी की गई। इसके साथ ही सुशील कुमार निवासी मोहल्ला डालगंज जिस पर करीब सात से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह भी एक शराब माफिया है और गैंगस्टर की कार्रवाई की जा चुकी है। मंगलवार को सुशील का एक पक्का मकान कीमत करीब 21.50 लाख रुपया, एक मैरिज होम कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपया को कुर्क किए जाने की कार्रवाई अमल में लाई गई। दोनों ही कार्रवाई में कुल करीब 1.88 करोड़ की संपत्ति को कुर्क किया गया है। उक्त कार्रवाई से पूर्व अधिकारियों द्वारा क्षेत्र में मुनादी भी कराई गई।
----