कासगंज। गंजडुंडवारा में आशा संगिनी की नियुक्तियां हुई। इसमें आशा कार्यकर्ताओं ने विभागीय अधिकारियों पर अवैध रूप से नियुक्तियां करने और उनमें धांधली बरतने का आरोप लगाया। मामले की जिलाधिकारी से शिकायत कर नियुक्तियों पर रोक लगाने की मांग की है। डीएम ने जांच सीएमओ को सौंपी है।स्वास्थ्य केंद्र गंजडुंडवारा पर हाल ही में आशा संगिनी कार्यकर्ता की रिक्तियां भरी गईं। इसमें आवेदन करने वाली आशा मुन्नी देवी और सीमा ने चिकित्साधिकारी और वीसीपीएम पर धांधली बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नियुक्तियां नियम अनुसार नहीं की गई है। आवेदन करने वाली आशा कार्यकर्ताओं को गुमराह कर अवैध रूप से नियुक्ति कर दी गई। इसकी शिकायत जिलाधिकारी से की गई। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लिया और मुख्य चिकित्साधिकारी को जांच के निर्देश दिए हैं। सीएमओ डॉ. राजीव अग्रवाल ने बताया कि जल्द ही इसकी रिपोर्ट बनाकर डीएम को दी जाएगी।