कासगंज। राज्य स्तरीय टीम ने स्वास्थ्य विभाग में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की वित्तीय प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान आशा व स्वास्थ्यकर्मियों के लंबित भुगतान दो दिन में करने के निर्देश दिए गए।महाप्रबंधक मॉनिटरिंग एंड इवेल्यूएशन डाॅ. पंकज, कार्यक्रम सलाहकार विनीत कुमार ने बृहस्पतिवार को सीएमओ कार्यालय सभागार में समीक्षा की। वित्तीय वर्ष 2023-24 के अंतर्गत जनपद को मिले विभिन्न कार्यक्रमों के भौतिक लक्ष्य तथा वित्त के सापेक्ष वर्तमान माह तक लक्ष्य की प्राप्ति तथा वित्तीय व्यय की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान समस्त ब्लॉकों में आशा के भुगतान, स्वास्थ्य कर्मचारियों के टीम बेस्ड इनसेंटिव का भुगतान, स्वास्थ्यकर्मियों के वेतन का समय से भुगतान नहीं होने के मामले सामने आए। भुगतान को दो दिन के अंदर करने के निर्देश दिए। वित्तीय वर्ष समाप्ति से पूर्व शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करते हुए नियमानुसार आवंटित बजट व्यय के निर्देश दिए गए।