कासगंज/अमांपुर। अधिकांश किसान मक्का व बाजरा की फसलों की कटाई के बाद उसे सुखा रहे हैं। शुक्रवार को बारिश होते ही किसानों ने भींगने से बचाने के लिए सूख रही फसलों को समेटना शुरु कर दिया। यही हाल मौसम का कुछ दिन रहा तो कटी मक्का व बाजरा में नमी बढ़ेगी। वहीं खड़े बाजरा की फसल को भी नुकसान के आसार हैं। शुक्रवार को किसानों ने मक्का व बाजरा की फसलों को सुखाने के लिए फैलाया लेकिन कुछ देर बाद ही बारिश की बूंदें गिरने लगी। मक्का व बाजरा भीग न जाए इसलिए किसानों ने शीघ्रता से उसे समेट कर बोरियों में भर लिया। कटी फसल को सुखाने के लिए किसान परेशान हैं। यदि कुछ दिन धूप नहीं निकली तो फसल में नमी रहने से उसके खराब होने की आशंका बढ़ेगी। इसे लेकर किसानों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं जिनकी बाजरा की फसलें खेत में खड़ी हैं, वह किसान भी चिंतित हैं। कहीं बारिश के साथ तेज हवाएं न चल जाएं। यदि ऐसा हुआ तो फसल गिर जाएंगी और खासा नुकसान होगा।