मैनपुरी। जिले में डायरिया के साथ बुखार तेजी के साथ पैर पसारने लगा है। हालात यह हैं कि गांव से लेकर शहर तक बुखार के मरीजों की चारपाइयां बिछी देखी जा रही हैं। जिला अस्पताल में भी मरीजों की भीड़ पहुंच रही है। रविवार को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में मरीजों की भीड़ देखी गई। यहां आठ घंटे में 40 मरीज भर्ती कराए गए।
पिछले कुछ दिनों से जिले में बुखार के मरीज तेजी के साथ बढ़े हैं। गांव हो या शहर हर जगह बुखार के मरीजों की चारपाइयां बिछी देखी जा रही हैं। रविवार को महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की भीड़ रही। अस्पताल की इमरजेंसी में सुबह पहले घंटे में ही 18 मरीज भर्ती कराए गए जबकि दोपहर तक आठ घंटे में बुखार, डायरिया के 40 मरीज इमरजेंसी पहुंचे। एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में बुखार और डायरिया के मरीजों के पहुंचने से अस्पताल की व्यवस्थाएं बिगड़ गईं। इमरजेंसी में बेड कम पड़ गए तो मरीजों को इंडोर वार्ड भेजा गया। इंडोर वार्ड के बैड भी फुल हुए तो मरीज को दूसरी मंजिल पर भर्ती कराया गया।
बुखार के सभी मरीजों की कराई जाए जांच
सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता ने बुखार के मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सीएमओ डाॅ. आरसी गुप्ता ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। सीएमओ ने सभी चिकित्साधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि अस्पताल आने वाले बुखार से पीड़ित सभी मरीजों की जांच कराई जाए। यदि किसी गांव में पांच से अधिक मरीज बुखार से पीड़ित पाए जाते हैं तो वहां टीम भेजकर जांच कराई जाए।
ऑक्सीजन प्लांट संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की
जिले में खड़े हए ऑक्सीजन प्लांट के संचालन के लिए सीएमओ के निर्देश पर वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता ने बताया कि पूर्व टेक्नीशियन को आउट सोर्स कर्मचारी के रूप में रखने की व्यवस्था की गई है फिलहाल उससे काम लेना शुरू कर दिया गया है।
बचाव के उपाय
- बारिश के पानी में भीगने से बचें
- तेज धूप में अधिक देर तक न रहें
- पसीने से भीगने के तुरंत बाद स्नान न करें
- बुखार आने पर उपचार में देरी न करें
- तीन दिन से अधिक बुखार आता है तो जांच अवश्य कराएं।