नासिक स्थित सेना के आर्टिलरी ट्रेनिंग सेंटर से घर लौट रहे जवान की सिकरौदा-मुरैना के बीच खंभे से सिर टकराने के कारण मौत हो गई। आगरा कैंट स्टेशन पर गाड़ी से उसके शव को उतारा गया। इस कारण ट्रेन 40 मिनट तक कैंट पर खड़ी रही। जीआरपी कैंट ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
इंदिरा नगर, सिविल लाइंस, बदायूं निवासी रेन्चो (19) पुत्र कलक्टर सिंह यादव नासिक में सेना की ट्रेनिंग कर रहा था। इंस्पेक्टर जीआरपी आगरा कैंट विजय सिंह ने बताया कि वह 28 दिन की छुट्टी लेकर साथियों के संग पंजाब मेल से नासिक से बदायूं जा रहा था। दोपहर को ट्रेन सिकरौदा-मुरैना के बीच में थी। तभी वह अपनी सीट से ट्रेन के गेट पर पहुंच गया।
साथियों ने जीआरपी को बताया कि इसी दरम्यान उसका सिर ट्रैक पर लगे खंभे से टकरा गया, तेज आवाज हुई और वह नीचे गिर पड़ा। साथियों ने चेन पुलिंग करके ट्रेन को रोका। इसके बाद गंभीर घायल स्थिति में उसे आगरा कैंट तक लाया गया। कैंट स्टेशन पर ट्रेन 7.23 बजे पहुंची। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर ने बताया कि उसके साथी सचिन शर्मा से पूछताछ की गई। इस कारण ट्रेन रात्रि आठ बजे के बाद गंतव्य को रवाना की जा सकी। घटना की जानकारी होने पर सेना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि परिवारीजनों को सूचना दे दी गई है।