कासगंज। गंजडुंडवारा क्षेत्र में नगला चिना के समीप झाड़ियों में छिपकर संचालित की जा रही शस्त्र फैक्टरी पर एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस ने छापामार कार्रवाई की। इसमें मौके से 5 तमंचा, एक अर्धनिर्मित तमंचा एवं 6 कारतूस बरामद किए। आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।
नगला चिना की झाड़ियों में शस्त्र फैक्टरी संचालित किए जाने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस अधीक्षक अर्पणा रजत कौशिक के निर्देश पर एसओजी, सर्विलांस एवं थाना पुलिस ने संयुक्त छापामार कार्रवाई की। पुलिस को देखकर मौके से भाग रहे संजोग निवासी कांशीराम काॅलोनी गंजडुंडवारा एवं रहीस निवासी रसूलपुर सिकंदरपुर वैश्य को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से 5 तमंचे, एक अर्धनिर्मित तमंचा और 6 कारतूस बरामद किए। आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम में मामले की रिपोर्ट दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की है।
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि शस्त्र फैक्टरी का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है। मौके से बनाए हुए शस्त्र और शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।