पटियाली। प्रधान क्षेत्र पंचायत स्वाभिमान संघ ने गंजडुंडवारा ब्लॉक की समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन खंड विकास अधिकारी को सौंपा। गंजडुंडवारा के ब्लॉक प्रमुख पर सदस्यों के मौलिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाया और क्षेत्र के विकास के लिए मांग उठाईं।
संघ के जिला महासचिव जाहिद कुरैशी ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख के द्वारा क्षेत्र पंचायत सदस्यों की मांगों की अनदेखी की जा रही है। जनता के द्वारा चुने गए प्रतिनिधि समस्याएं उठाते हैं तो उनका समाधान नहीं होता। ब्लॉक प्रमुख मनमानी करते हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने कहा कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक इस्तीफा देने को मजबूर होंगे। सदस्यों ने मांग की कि प्रत्येक क्षेत्र पंचायत सदस्य के क्षेत्र में 20 लाख रुपये से विकास कराया जाए। ब्लॉक में मीटिंग की जाए। सभी प्रतिनिधियों को टेबलेट दिया जाए। न्याय पंचायत पर जनता से संवाद कार्यक्रम चलाया जाए। इस दौरान छविराम सिंह, पप्पू, यासीन, जसवीर, रूम सिंह, देवेंद्र सोलंकी आदि क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे।