आगरा। शाहगंज स्थित इंद्रा नगर में रिटायर्ड दरोगा के बेटे और भतीजे को गोली मारकर घायल करने के मामले में हिस्ट्रीशीटर अनस और शारिक पुलिस पकड़ से दूर हैं। पुलिस ने एक और आरोपी अमित ठाकुर को गिरफ्तार किया है। 11 जनवरी की रात को इंद्रा नगर निवासी रिटायर्ड दरोगा सुरेंद्र सिंह के बेटे विष्णु उर्फ राघवेंद्र और भतीजे सत्येंद्र को गोली मारी गई थी। दोनों घायल हो गए थे। मामले में तीन हिस्ट्रीशीटर वीपी उर्फ विनय, शारिक व अनस के अलावा प्रिंस, अमित, राजू और छोटू के खिलाफ हत्या के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वीपी पुराने मामले में कोर्ट में पेश हो गया था। उसे जेल भेज दिया गया। वहीं पुलिस ने उसके पिता राजू और छोटे को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने दो मददगार नवाजिश और दानिश को भी गिरफ्तार किया था। वहीं हिस्ट्रीशीटर अनस और शारिक के साथ प्रिंस अब तक पुलिस के हाथ नहीं आ सके हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक ने अमित ठाकुर को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ पूर्व में भी मारपीट की प्राथमिकी दर्ज हुई थी।