चौंकिये नहीं। यह फोटो शहर की पूर्व मेयर और सपा नेत्री अंजुला सिंह माहौर का ही है। लेकिन यह जुलूस सपा का नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महिला विंग राष्ट्रीय सेविका समिति का है। भले ही उन्होंने अभी तक सपा छोड़ने का ऐलान न किया हो, लेकिन आरएसएस के जुलूस में हाथ में तलवार लिए उनका यह फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही साफ हो गया कि उनकी भाजपा मेें वापसी की तैयारी पूरी हो चुकी है। अब तो बस तारीख तय होने का इंतजार है। भाजपा के सूत्रों ने बताया कि अंजुला ने काशीपुर में पांच से तेईस जून तक चले संघ के ओटीसी शिविर में हिस्सा लिया। उन्होंने प्रवेशार्थी श्रेणी में दूसरा और जूनियर तथा सीनियर वर्ग में संयुक्त रूप से पांचवा स्थान हासिल किया। शिविर में रोजाना एक वाद्य यंत्र बजाए जाने की अनिवार्यता पर उन्होंने बांसुरी वादन किया।