नगला मीर के पास सोमवार की देर शाम ट्रक की टक्कर लगने से घायल बालक की मौत से गुस्साए परिजन व ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह मार्ग पर अवरोध डाल कर जाम लगा दिया। ग्रामीण मार्ग पर ब्रेकर बनाए जाने की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा कर जाम खुलवाया। इसके बाद आवागमन शुरू हो सका।
थाना क्षेत्र के गांव नगला मीर निवासी ब्रजेश सिंह का पांच वर्षीय पुत्र आयुष उर्फ हेमंत सोमवार की शाम मां के साथ कहीं जा रहा था। तभी सिरसागंज की ओर से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी थी। गंभीर हालत में परिजन बच्चे को मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे। तभी रास्ते में बालक ने दम तोड़ दिया। उक्त घटना के बाद मंगलवार की सुबह परिजन व ग्रामीणों ने गांव के पास सड़क पर अवरोध डालकर जाम लगा दिया।
आक्रोशित परिजन व ग्रामीण मार्ग पर ब्रेकर बनाए जाने की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना था कि मार्ग से तेज रफ्तार वाहन गुजरते हैं। जिस कारण से आए दिन वहां हादसे होते हैं। पुलिस के समझाने बुझाने के बाद ग्रामीण मान गए। मार्ग से अवरोध हटा लिए। इसके बाद पुलिस ने मार्ग का आवागमन सुचारू कराया। उधर हादसे में बालक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।