मथुरा में भाजपा नेता डॉ. डीपी गोयल के जनरल गंज चौराहा स्थित गोपी कृष्ण नर्सिंग होम में एक विवाहिता की प्रसव के बाद मौत हो जाने से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ करते हुए जमकर हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर कई थानों का पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया।
थाना जमुनापार के अजय नगर निवासी सचिन कुमार की डेढ़ वर्ष पूर्व रश्मि के साथ शादी हुई थी। 24 वर्षीय रश्मि को प्रसव के लिए शनिवार सुबह इस नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। दोपहर में ऑपरेशन के पश्चात प्रसूता ने बेटी को जन्म दिया। रात तक जच्चा और बच्चा दोनों सही सलामत थे। परिजन खुशी में झूम कर एक दूसरे को मिठाई खिला रहे थे। इस बीच अचानक रश्मि की हालत बिगड़ने लगी। दर्द और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत हुई, तो पति स्टाफ नर्स के पास पहुंचा। उसकी एक भी नहीं सुनी और ऑपरेशन में दर्द होने की बात कहकर उसको टरका दिया।
मृतका के पति का आरोप है कि इलाज के लिए बार-बार विनती करता रहा, मगर स्टाफ नर्स गहरी नींद में सोती रही। न स्टाफ ने चिकित्सकों को बुलाया ना हीं खुद ने मरीज को एक बार देखा। आखिरकार दर्द और सांस लेने से परेशान प्रसूता ने रविवार सुबह दम तोड़ दिया। विवाहिता की मौत की सूचना मिलते ही रिश्तेदार और ग्रामीण भारी संख्या में हॉस्पिटल पहुंच गए।
अस्पताल का घेराव कर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर उत्पात मचाया। हंगामे की सूचना पर सीओ सिटी अभिषेक तिवारी, कोतवाली प्रभारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नर्सिंग होम के संचालक डॉ. डीपी गोयल ने बताया कि वह इस समय सिडनी (आस्ट्रेलिया) में हैं, उनको कोई जानकारी नहीं है।