कासगंज। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ द्वारा गिनाई गई समस्याओं का निदान नहीं हुआ है। जिससे पंचायत ग्रामीण सफाई कर्मियों से आंदोलन की रणनीति बनाई है। इस संबंध में पत्र जिला पंचायत राज अधिकारी को संघ ने भेजा है।
जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने कहा कि जनपद में कार्यरत लगभग 150 सफाई कर्मियों को एसीपी (सुनिश्चित करियर प्रोन्नयन) का लाभ नहीं मिला है। जिसे अतिशीघ्र दिलाया जाए। वहीं 110 सफाई कर्मियों को एसीपी के एरियर का भुगतान नहीं कराया गया है, उन्हें एरियर का भुगतान दिलाया जाए।
विभिन्न कारणों से कई सफाई कर्मियों के वेतन रुके हुए हैं। जिनका निस्तारण कर वेतन दिलवाया जाए। समस्याओं के निस्तारण न होने पर 21 जून को संघ द्वारा जिला पंचायत राज अधिकारी को ज्ञापन दिया जाएगा। वहीं 24 जून तक समस्याओं के निस्तारण न होने पर 25 जून को जिलाधिकारी को ज्ञापन देंगे। इसके बाद 29 जून से समस्याओं के निस्तारण की मांग करते हुए हड़ताल की जाएगी। इस दौरान संप्रेक्षक कमल सिंह, जिला मंत्री ओमवीर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।