अमांपुर। कस्बा स्थित उप डाकघर के मेन सर्वर सिस्टम में खराबी आ गई है। इससे पिछले चार दिन से सभी काम ठप हैं। बैंकिग उपभोक्ताओं को राशि जमा करने, निकालने, सुकन्या समृद्धि योजना, बचत खाता, किसान विकास पत्र, एनएससी, पासबुक एंट्री करवाने, स्पीड पोस्ट करने और खाता खोलने समेत सभी कामों में परेशानी हो रही है। दरअसल, बैंकिंग कार्य बंद होने के कारण उपभोक्ता कई दिन से बैरंग वापस हो रहे हैं। लोग घंटों सिस्टम सही होने के इंतजार में डाकघर के बाहर खड़े दिखाई देते हैं। मगर सिस्टम खराब होने के कारण डाकघर में कोई कार्य नहीं हो पा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के आने वाले लोगों का समय बर्बाद हो रहा है। परन्तप सोलंकी ने बताया कि पोस्ट ऑफिस में खाता है। रुपये की आवश्यकता थी इसलिए रुपये निकालने आए थे। लेकिन सिस्टम खराब होने से बिना रुपये निकाले ही वापस लौटना पड़ रहा है। विकास कुमार ने बताया कि कई दिनों से डाकघर के चक्कर लगा रहे हैं। काम नहीं हो पा रहा है। पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि वह आरडी जमा करने के लिए परेशान हैं। धर्मवीर ने बताया कि वह सुकन्या योजना के पैसे जमा करने के लिए तीन दिन से डाकघर के चक्कर काट रहे हैं। मामले में उप डाकपाल शिव कुमार ने बताया कि सिस्टम खराब होने के कारण काम नहीं हो पा रहे हैं। इसकी जानकारी से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। कोई भी सिस्टम मैनेजर सर्वर को सही करने नहीं आ रहा है।