कासगंज। लगातार बढ़ रहे तापमान और आने वाले दिनों इसके और अधिक बढ़ने को ध्यान में रखते हुए जनपद में हीट वेव से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। शनिवार को इन तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए मंडलीय सर्विलांस ऑफिसर भी जिला अस्पताल पहुंचे। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनाें में गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा। तापमान भी बढ़कर 47-48 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है। इसे ध्यान में रखते हुए जिला अस्पताल में ओरआरएस काॅर्नर, कूलर, कूलर व एसी समेत सभी व्यवस्था करा दी गई हैं। हीट वेव के लक्षण व बचाव के बारे में जानकारी के लिए जगह-जगह बैनर लगवाए गए हैं। इन तैयारियों को परखने के लिए शनिवार को मंडलीय सर्विलांस अधिकारी डॉ. देवेंद्र वार्ष्णेय जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि यहां व्यवस्थाएं सही मिली हैं। मरीजों के लिए आवश्यक दवाएं व सवा दो लाख ओआरएस पैकेट रखे गए हैं। ताकि लू से पीड़ित मरीजों का इलाज तुरंत शुरू हो सके। लू से बचाव के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष सावधानी बरतने को कहा है। यदि किसी को कोई परेशानी होती है तो 108 पर कॉल करें। सीएमएस डॉ. संजीव सक्सेना ने बताया कि लाल गर्म शुष्क त्वचा, पसीना नहीं आना, पल्स रेट तेज होना, सांस का तेजी से चलना, सिर दर्द, थकान, कमजोरी आदि हीट स्ट्रोक के लक्षण हैं। इस तरह के लक्षण होने पर तुरंत ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर डॉक्टर से परामर्श लें।