ताजनगरी की हवा की गुणवत्ता में फिर से प्रदूषण की मात्रा बढ़ने लगी है। उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण चार दिनों तक राहत मिली रही थी, लेकिन शुक्रवार सुबह से धुंध भी गहराने लगी। यही वजह है प्रदूषण तत्वों में इजाफा होने से वायु गुणवत्ता सूचकांक बढ़ कर 220 तक पहुंच गया है।
शुक्रवार की सुबह धुंध के साथ हुई। पिछले चार दिनों से चल रही हवा की रफ्तार भी बेहद कम हो गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी की गई सूची में आगरा में पर्टिकुलेट मैटर 275 के पास पहुंच गए, जो मानक से चार गुने से ज्यादा हैं, वहीं कार्बन मोनोऑक्साइड की मात्रा भी मानक से 28 गुना हो गई।
दोपहर बारह बजे धूप भी हल्की निकली, जिसमें ओजोन की मात्रा 54 तक पहुंची, जबकि नाइट्रोजन डाईऑक्साइड मानक से ढाई गुना तक पहुंचा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले दो दिनों में सुबह धुंध छाई रहने के आसार हैं। न्यूनतम तापमान में लगातार कमी के आसार हैं। तापमान सामान्य से कम रह सकता है।