माई सिटी रिपोर्टर
देहरादून। राज्य सरकार पर शहीद स्मारकों को तोड़ने का आरोप लगाते हुए राज्य आंदोलनकारियों ने बुधवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर ऋषिकेश स्थित शहीद स्मारक को तोड़ दिया गया है। अब स्मार्ट सिटी के नाम पर देहरादून के शहीद स्मारक को भी तोड़ने की तैयारी है।
बुधवार को आंदोलनकारी संयुक्त परिषद, महिला मंच, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी मोर्चा, नेताजी संघर्ष समिति आदि संगठनों के बैनर तले आंदोलनकारी इकट्ठा हुए और राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। बाद में उन्होंने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के पुतले को आग के हवाले कर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीदों और आंदोलनकारियों को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। उनको सम्मान देने के बजाय सरकार पहले से बने शहीद स्मारकों को भी तोड़ रही है। यह राज्य के लिए अपने प्राणों का बलिदान करने वाले शहीदों और आंदोलनकारियों का अपमान है, जिसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार आंदोलनकारियों को विश्वास में लिए बिना मनमानी कर रही है, जिससे उनमें रोष है।
पुतला फूंकने वालों में नवनीत गुसाईं, सुरेश कुमार, विनोद असवाल, विपुल नौटियाल, प्रभात डंडरियाल, जगमोहन रावत, निर्मला बिष्ट, प्रमिला रावत, अरुणा थपलियाल, गीता नेगी, चिंतन सकलानी आदि मौजूद रहे।