आगरा। माैसम के उतार-चढ़ाव के बीच बृहस्पतिवार को आगरा प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। बुधवार रात में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि बृहस्पतिवार को दिनभर खिली धूप ने लोगों को खासी राहत दी। धूप की वजह से दिन का अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप निकलने पर लोगों को गर्मी का अहसास हुआ, लेकिन छांव में ठंड का अनुभव हुआ। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अगले तीन दिन तेज हवा चलने की वजह से कोहरे से राहत मिलेगी। हालांकि हवा चलने की वजह से तापमान में गिरावट हो सकती है। बता दें, सबसे ठंडा शहर हरदोई रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, झांसी में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।