डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
- फोटो : अमर उजाला
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन मुख्य परीक्षाओं के संपन्न होने के 45 दिन बाद भी सभी परिणाम जारी नहीं कर पाया है। सर्वाधिक परीक्षार्थी बीए और बीएससी द्वितीय और तृतीय वर्ष की परीक्षा में शामिल हुए थे। इसका परिणाम अभी लटका हुआ है। छात्र-छात्राएं आगे की कक्षाओं में प्रवेश के लिए परिणाम जारी होने का इंतजार कर रहे हैं।
विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाएं 20 जून को ही संपन्न हो गई थीं। अधिकतर परीक्षाएं ओएमआर शीट आधारित कराई गई थीं, जिससे परिणाम जल्द जारी हो सके। विश्वविद्यालय प्रशासन अभी तक बीकॉम वोकेशनल और बीकॉम की परीक्षाओं के परिणाम ही जारी कर पाया है। इन पाठ्यक्रमों में छात्र-छात्राओं की संख्या बहुत कम है। बीए और बीएससी अंतिम वर्ष के परीक्षा परिणाम जारी न होने की वजह से छात्र-छात्राएं परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए वेब पंजीकरण नहीं करा पा रहे हैं। 31 जुलाई को वेब पंजीकरण की प्रक्रिया बंद कर दी गई थी, तीन अगस्त को दोबारा खोली गई। परिणाम में देरी का असर सत्र 2022-23 की कक्षाओं के संचालन पर पड़ेगा। कक्षाएं देर से शुरू हो पाएंगी।
10 अगस्त तक जारी होने की उम्मीद
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक ओमप्रकाश सिंह का कहना है कि बीए और बीएससी के परीक्षा परिणाम 10 अगस्त तक जारी किए जाने की उम्मीद है। कॉपियों का मूल्यांकन हो चुका है। कोलेशन का काम चल रहा है। बीकॉम व बीकॉम वोकेशनल का परिणाम जारी किया जा चुका है। बचे हुए परिणाम को जल्द से जल्द जारी किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।