मेधावी छात्र विकेश, विक्रम और प्रशांत
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश भर की मेधा और खचाखच भरा हॉल। तालियों के बीच पुरस्कार, ये किसी सपने के पूरे होने जैसा था। सोचा न था कि इतनी छोटी उम्र में ये सब हो जाएगा। शुक्रवार को लखनऊ में अमर उजाला के मेधावी छात्र सम्मान समारोह में पुरस्कृत होकर लौटे आगरा के मेधावियों ने यह कहा। बोले, अपनी मेहनत से बोर्ड परीक्षा में मुकाम जरूर पाया, पर इतने बड़े मंच तक अमर उजाला के बदौलत ही पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से प्रमाणपत्र पाकर गर्व महसूस हुआ और उनके शब्दों से ऊर्जा का नया मंत्र मिला।
सपनों को लगेंगे पंख
इंटरमीडिएट की परीक्षा में जिले के टॉपर रहे आशाराम रामनिवास आदर्श इंटर कॉलेज के छात्र विक्रम सिंह लखनऊ में मिले सम्मान से गद्गद् हैं। उन्होंने कहा कि अमर उजाला ने बडे़ मंच पर पहुंचा दिया। मुख्यमंत्री के साथ मंच पर खडे़ होकर सम्मान मिलना बड़ी बात है। मुख्यमंत्री के साथ मंत्रियों ने भी हौसला बढ़ाया। ये सम्मान जीवन भर प्रेरणादायक रहेगा। इससे और विद्यार्थी भी प्रेरित होंगे। समारोह में मिली ऊर्जा से अच्छे मनोबल से यूपीएससी की तैयारी करूंगा।
नई ऊर्जा भी मिली है
हाईस्कूल की परीक्षा में जिले के टॉपर रहे सिद्धांतराज इंटर कॉलेज जैतपुर के प्रशांत ओझा ने कहा कि जो सपने में भी नहीं सोचा था, वह अमर उजाला ने पूरा कर दिखाया। मुझे और परिजनों को खूब बधाइयां भी मिल रही हैं। समारोह में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में मिला सम्मान जीवन का अभी तक का श्रेष्ठ अनुभव रहा। मुख्यमंत्री को करीब से देख सके। समारोह में उनकी प्रेरक बातों से जीवन में आगे बढ़ने का हौसला भी मिला है। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरा करने के लिए नई ऊर्जा मिली है।
सबसे यादगार पल बने
शमसाबाद के केसी इंटर कॉलेज नगला पाटन के छात्र विकेश हाईस्कूल के टॉपर हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ में अमर उजाला के मेधावी छात्र सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों सम्मानित होना मेरे सपने पूरा होने जैसा है। प्रदेश भर के मेधावियों के बीच इतने बड़े मंच से पहली बार पुरस्कार मिला। ये पल मेरे जीवन का सबसे यादगार बन गया है। मुख्यमंत्री ने जीवन में सफल होने के लिए शॉर्टकट न अपनाकर चुनौतियां स्वीकार करने का मंत्र दिया। ये प्रेरक बातें मेरे जीवन भर काम आएंगी।