पुलिस गिरफ्त में बालू माफिया के गुर्गे
- फोटो : अमर उजाला
बेखौफ हो चुके बालू माफिया के गुर्गों से बुधवार की सुबह पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गोली लगने से एक गुर्गा घायल हो गया। पुलिस ने घायल समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि दो लोग भाग निकले। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल आगरा में भर्ती कराया है।
धौलपुर-भरतपुर राजमार्ग स्थित गांव सरैंधी के समीप बुधवार की सुबह करीब 9:30 बजे पुलिस ने बालू भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को रोकने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक ट्रैक्टर पर पांच लोग सवार थे। इन लोगों ने पुलिस पर गोलियां चला दी।
जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस दौरान पैर में गोली लगने से ट्रैक्टर पर बैठे सुखराम पुत्र दाताराम निवासी भागना थाना कोलारी (धौलपुर) घायल हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर सवार महक पुत्र टीकम निवासी कुकरा थाना सहपऊ धौलपुर, लवकुश पुत्र महावीर निवासी मोहनलाल का पुरा थाना सैंया, आगरा को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो लोग भाग निकले।
थाना प्रभारी निरीक्षक कुशलपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अवैध खनन और जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पकड़े गए लोगों के कब्जे से तीन तमंचा, 7 खोखा और 5 कारतूस मिला है।