आगरा। सदर थाना क्षेत्र में मजदूर को रास्ते में रोककर एक पड़ोसी ने धमकी दी। बोला 10 लाख में हत्या की सुपारी मिली है। पीड़ित ने वहां से भागकर जान बचाई। घर पहुंचकर घटना के बारे में परिजन को बताया। शिकायत पर आरोपी ने मारपीट की। सदर थाने में मामला दर्ज किया गया है। शहीद नगर निवासी सलमान मजदूरी करता है। सलमान ने बताया कि 25 फरवरी को काम से घर लौट रहे थे। रास्ते में बसई मंडी के पास पड़ोसी सुमेर ने रोक लिया। बोला तुझे मारने की बबलू कुरैशी से 10 लाख रुपये की सुपारी मिली है। रुपये एडवांस भी आ चुके हैं। इतना बोलकर आरोपी ने तमंचा निकाल लिया। इससे वह घबरा गया। भागते घर पहुंचा। पत्नी और मां को जानकारी दी। वह आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचे। सुमेर ने अपने अन्य परिजन के साथ गालीगलौज और मारपीट की। पत्नी के कपड़े फाड़ दिए। विरोध पर मां सुमेर फिर से तमंचा निकाल लाया। बोला कि कल तो बच गया, आज नहीं बचेगा। पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर जान बचाई। सदर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।