फतेहाबाद। थाना डौकी क्षेत्र के गांव पैतीखेड़ा में सोमवार शाम ट्रैक्टर से गिरकर घायल हुए वृद्ध की मंगलवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। गांव पैतीखेड़ा निवासी खजान सिंह उर्फ होशियार सिंह (60) पुत्र स्व बाबूलाल सोमवार शाम करीब सात बजे कोल्ड स्टोरेज से ट्रैक्टर-ट्रॉली में आलू लेकर घर लौट रहे थे। गांव में पहुंचने पर अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। इससे वह ट्रैक्टर से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची डौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वृद्ध की मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई। एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद ने बताया ट्रैक्टर अनियंत्रित होने से व्यक्ति गिर गया था, शव का पोस्टमार्टम कराया है। संवाद