पिनाहट। चंबल सेंक्चुअरी एरिया में रात अंधेरे में ऊंटों से बालू का खनन करने पर वन विभाग ने दो लोगो पर केस दर्ज कराया।
वन्य जीव रक्षक राष्ट्रीय चंबल सेंक्चुअरी एरिया विनोद कुमार ने थाना पिनाहट पर प्रार्थना पत्र देते हुए बताया की चंबल सेंक्चुअरी एरिया विप्रावली गांव के पास से शुक्रवार को रात के अंधेरे में कुछ लोग ऊंटों से बालू का अवैध खनन कर ऊटों पर लाद रहे थे। इसी दौरान गश्त कर रहे वन कर्मियों ने घेराबंदी करके लोगो को पकड़ने की कोशिश की, जिस पर घिरता देख अभियुक्त ऊंटों को मय पलान के साथ छोड़ कर जंगल के रास्ते होते हुए भाग गए। भागते समय अभियुक्तों को टोर्च की रोशनी में पहचान लिया गया था। इसमें रामवीर और सतीश निवासी विप्रावली ने चंबल बालू का अवैध खनन कर भारतीय वन अधिनियम जीव वन्य जीव संरक्षण का उल्लंघन किया है। प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने रामवीर व सतीश के खिलाफ वन्य जीव अधिनियम के तहत केस दर्ज कर मामले में जांच शुरू कर दी है।