फतेहाबाद। थाना डौकी क्षेत्र के एक गांव की 23 वर्षीय युवती ने छेड़छाड़ से तंग आकर जान दे दी। परिवार के लोगों का आरोप है कि गांव के ही तीन युवक उसे कई महीने से परेशान कर रहे थे। 21 जुलाई को भी खेत से लौटते समय रास्ते में उससे छेड़छाड़ की गई थी, तभी उसने विषाख्त पदार्थ खा लिया था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया। मंगलवार को इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
युवती के पिता ने पुलिस को बताया कि बेटी 21 जुलाई को खेत पर गई थी। घर लौटते समय रास्ते में गांव के ही धनराज, अंशू और मनोज ने उसके साथ छेड़छाड़ की। आरोप है कि ये तीनों बेटी को करीब तीन महीने से छेड़छाड़ कर रहे थे। उसे धमकी देते थे। इससे वह परेशान थी। तीनों युवकों की वजह से होकर उसने घर आकर विषाख्त पी लिया था। तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। साथ ही पीड़िता के पिता ने 28 जुलाई को धनराज, अंशु, मनोज के खिलाफ थाना डौकी में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कर लिया था। इधर, इलाज के दौरान मंगलवार की दोपहर युवती की मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक डौकी जय नारायण ने बताया कि इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई है। प्रकरण की जांच की जा रही है।