आगरा। जिला अस्पताल में पिछले 15 दिनों से थायराइड की जांच ठप पड़ी हुई है, जिसके चलते मरीजों को जांच के लिए निजी पैथोलॉजी में जाना पड़ रहा है। जहां मरीजों को जांच के लिए 500 से 700 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।
पांच दिन पहले मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया था, जिस दौरान अस्पताल में खामियां पाई गई थीं। अस्पताल में ओपीडी के पर्चे पर बाहर की दवाइयां लिखी जा रहीं थीं। अस्पताल में सर्जरी कम व अल्ट्रासाउंड कम होने पर संतोषजनक जवाब न मिलने पर फटकार भी लगाई थी, लेकिन फिर भी अस्पताल में हालात नहीं बदले। प्रमुख अधीक्षक आरके अरोरा ने बताया कि बिजली के कारण कुछ तकनीकी समस्या आ रही है, जिस वजह से थायराइड की मशीन बंद पड़ी है।
रिपोर्ट के लिए फिर से आना पड़ेगा
डॉक्टर ने जांच लिखी पर थायराइड की जांच करने से मना कर दिया गया। अब बाहर से जांच करा रिपोर्ट को दिखाने के लिए आना पड़ेगा। - मीना, अरतौनी निवासी
नहीं हो रही जांच
मशीन खराब बता रहे हैं। काफी दिन से थायराइड की जांच हो नहीं रही। - धनवीर सिंह, सैमरा निवासी