बाह। बटेश्वर के स्याइचपुरा गांव में रविवार की दोपहर घर पर धावा बोलकर विपक्षियों ने लाठी-डंडे, फरसे से हमलाकर बहू और दंपती को पीटकर घायल कर दिया। हमले के पीछे एक दिन पहले खेत की बाड़ को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। स्याइचपुरा के सोबरन ने पुलिस को बताया कि शनिवार को वह खेत की बाड़ के पास बैठे थे। तभी परिवार के ही एक व्यक्ति ने बाड़ के विवाद में धक्का दे दिया। तार में फंसकर उनका पैर लहुलुहान हो गया। इसे लेकर हुए विवाद के कारण रविवार की दोपहर उनके घर पर धावा बोल दिया। घर पर मौजूद पत्नी भगवान देवी का फरसे से प्रहार कर सिर फोड़ दिया। लाठी-डंडे के हमले में वह और बहू पुष्पा भी घायल हो गए। चीखपुकार सुनकर दौड़े आसपास के लोगों ने बीचबचाव किया। पुलिस ने तीनों घायलों का मेडीकल कराया है। थाना प्रभारी ने तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है। संवाद