बाह। कस्बा बाह के पेट्रोलपंप के पास मंगलवार की शाम सड़क किनारे पर दो सांड आपस में भिड़ गए। एक-दूसरे पर हमलावर हुए सांड़ लड़ते लड़ते कभी सड़क तक आए, कभी मैरिजहोम के गेट तक पहुंच गए। जिससे भगदड़ मच गई। करीब 20 मिनट तक लोग सहमे रहे। एक दुकानदार सांड़ों को भगाने का प्रयास भी किया लेकिन सांड़ हटे नहीं। लड़ते-लड़ते दुकानों तक पहुंच गए।। स्थानीय लोगों ने बताया कि आगरा-इटावा स्टेट हाईवे पर बाह कस्बे में छुट्टा मवेशी आए दिन हादसे का कारण बनते रहते हैं। कैंजरा तिराहे पर दो दिन पहले छुट्टा मवेशी से कार टकराने से 6 लोग घायल हो गए थे। तीन दिन पहले कस्बे में सड़क हादसे में गाय मर गई थी। पुलिस ने उसे दफन कराया था। वहीं पशु अस्पताल के सामने घायल गोवंश को भाकियू महाशक्ति के जिलाध्यक्ष हर्ष शर्मा के हस्तक्षेप के बाद उपचार मिल सका था। भाकियू टिकैत के तहसील अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि छुट्टा मवेशी सड़क पर हादसे का और खेतों में फसलों के नुकसान का कारण बन रहे हैं। छुट्टा मवेशियों को पकड़कर गोशाला भेजे जाने की बीडीओ से कई बार मांग की है। उन्होंने बताया कि आश्वासन मिलता है, लेकिन जमीन पर अमल नहीं हो रहा है। संवाद