कासगंज। कृषि योजना के अंतर्गत अनुदान पर कृषि यंत्र किसानों को उपलब्ध कराए जाते हैं। जनपद को दिए गए लक्ष्य 87 के सापेक्ष 214 किसानों ने आवेदन कर पोर्टल पर टोकन जेनरेट किया। अब 11 और 12 जनवरी को ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थी किसानों का चयन किया जाएगा।उप कृषि निदेशक महेंद्र सिंह ने बताया कि कस्टम हायरिंग सेंटर, कृषि रक्षा उपकरण, हाईटेक हब फॉर कस्टम हायरिंग, फार्म मशीनरी बैंक, थ्रेसिंग फ्लोर एवं स्मॉल गोदाम के लिए कृषि योजना के अंतर्गत अनुदान दिया जाता है। इसके लिए आवेदन 30 नवंबर से 14 दिसंबर तक कर किसानों ने पोर्टल पर आवेदन कर टोकन जेनरेट किए। उन्होंने बताया कि लक्ष्य से अधिक आवेदन होने के कारण ई-लॉटरी के माध्यम से लाभार्थी किसानों का चयन किया जाएगा। अंतिम चयन ई-लॉटरी से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति के द्वारा लाभार्थी कृषकों की उपस्थिति में 11 और 12 जनवरी को सुबह 11 बजे रुद्राक्ष सभागार कलेक्ट्रेट पर होगा। जिसमें 10 हजार रुपये से अधिक के अनुदान वाले कृषि यंत्र शामिल किए गए हैं। जिला कृषि अधिकारी अवधेश मिश्र ने बताया कि रोटावेटर के निर्धारित लक्ष्य 24 के सापेक्ष 69, कस्टम हायरिंग के 9 के सापेक्ष 64 एवं लेजर लैंड लेबर के लक्ष्य 6 के सापेक्ष 39 कृषकों सहित अन्य कृषि यंत्र के लिए टोकन जेनरेट किए गए हैं। उन्होंने सभी आवेदन करने वाले किसानों से ई-लॉटरी में प्रतिभाग करने की अपील की है।