कासगंज। परिषदीय विद्यालयों में छह वर्ष से कम आयु के बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्री-प्राइमरी की शिक्षा दी जाएगी। इसके बाद उनका कक्षा एक में प्रवेश होगा। अंग्रेजी माध्यम की तर्ज पर कक्षाओं का संचालन होगा।जिले में 1263 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में 1722 आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन किया जा रहा है। आंगनबाड़ी केंद्रों पर अब बच्चों को केवल पुष्टाहार ही नहीं मिलेगा बल्कि यह केंद्र प्ले स्कूल की तर्ज पर संचालित होगे। इन केंद्रों के लिए को-लोकेटेड स्कूल का नाम दिया गया है। इनमें तीन से छह साल तक की आयु के बच्चों को औपचारिक शिक्षा दी जाएगी। नई शिक्षा नीति के तहत यह व्यवस्था की गई है। अभी तक बच्चों की देखभाल का जिम्मा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका का है। अब एजुकेटर के माध्यम से बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था की जाएगी। पहले चरण में आउट सोर्सिंग के माध्यम से एजुकेटर की व्यवस्था रहेगी। बाद में सभी केंद्रों पर स्पेशल एजुकेटर तैनात किए जाएंगे। जो बच्चों को कक्षा एक में प्रवेश से पहले पढ़ाई के लिए तैयार करेंगे। बीएसए सूर्य प्रताप सिंह का कहना है कि स्पेशल एजुकेटर के माध्यम से बच्चों को प्री-प्राइमरी की शिक्षा केंद्रों पर ही मिल जाएगी। छह वर्ष की आयु पूरी होने पर इनका प्रवेश कक्षा एक में कर दिया जाएगा।